ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने घरेलू मैदान पर खेल रही है। वह मेहमान टीम की तुलना में जीत की ज्यादा दावेदार है, इसलिए भारत उसे हल्के में नहीं लेगा। यह बात मंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने स्वीकारी। उन्होंने कहा, ‘मैं मानता हूं कि जो भी टीम अपने घरेलू मैदान पर खेलती है जीत की ज्यादा हकदार मानी जाती है। हम ऑस्ट्रेलिया को हल्के में नहीं लेंगे, क्योंकि उसके पास बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी क्रम है।’
रहाणे ने ऑस्ट्रेलियाई टीम में स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की गैरमौजदूगी को लेकर कहा, ‘निश्चित ही ऑस्ट्रेलिया को इन बल्लेबाजों की कमी महसूस होगी, लेकिन उसके पास इनके अलावा भी कई बढ़िया खिलाड़ी हैं। हम उन्हें हल्के में नहीं ले सकते हैं और अपनी तरफ से पूरी टक्कर देंगे।’
भारत 70 साल से ऑस्ट्रेलिया में नहीं जीता टेस्ट सीरीज
भारत दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम की हैसियत से ऑस्ट्रेलिया पहुंची है। उसके कप्तान विराट टेस्ट में नंबर एक बल्लेबाज हैं। हालांकि, भारत 70 साल में एक बार भी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है। इस बार ऑस्ट्रेलिया की टीम में उसके तीन मुख्य बल्लेबाज स्मिथ, वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट नहीं हैं। इसके अलावा उसे कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं। इस कारण उसे भारत के मुकाबले कमजोर माना जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत
भारतीय उपकप्तान ने माना कि कागज पर ऑस्ट्रेलिया भले ही कमजोर लग रही हो और भारत मजबूत, लेकिन मैदान पर टीमें अलग तरह से खेलती हैं और उसी से हार जीत का फैसला होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे में ऑस्ट्रेलिया को कमजोर आंकने की गलती नहीं की जा सकती। ऑस्ट्रेलिया का गेंदबाजी आक्रमण कमाल का है। टेस्ट जीतने के लिए आपको अच्छा गेंदबाजी क्रम चाहिए होता है।
विराट ऑस्ट्रेलिया में 1000 टेस्ट रन से महज आठ रन दूर
मेहमान टीम की बल्लेबाजी को लेकर रहाणे ने कहा कि भारत के पास कई अच्छे स्कोरर हैं। निचले क्रम में कई विशेषज्ञ गेंदबाज भी अच्छा स्कोर करने में सक्षम हैं। विराट ऑस्ट्रेलिया में अपने 1000 टेस्ट रन से केवल आठ रन दूर हैं। 2014-15 के पिछले दौरे में रहाणे ने भी 399 रन बनाए थे।